सऊदी अरब के मक्का-मदीना राजमार्ग पर हुए भीषण बस हादसे में 42 भारतीय तीर्थयात्री जान से गए। इस हादसे में बस में सवार केवल 24 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल शोएब ही जीवित बच पाए। शोएब का कहना है कि उन्हें नींद नहीं आ रही थी, जिस कारण वह ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे और जागते रहे। वहीं अन्य सभी यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उनकी जान नहीं बच पाई। हादसे में बस में सवार दो विदेशी यात्रियों की भी मौत हुई।
हादसा तब हुआ जब बस तेल टैंकर से टकराई और आग लग गई। शोएब बस से कूदने में सफल रहे, लेकिन उन्हें चोटें आईं और फिलहाल वह मदीना के एक जर्मन अस्पताल में भर्ती हैं। हैदराबाद पुलिस के सीनियर अधिकारी VC सज्जानार ने बताया कि हैदराबाद से कुल 54 लोग उमरा के लिए गए थे, जिनमें से 46 बस से मदीना जा रहे थे और यही बस हादसे का शिकार हुई।
शोएब के परिवार के अन्य सदस्य इस हादसे में नहीं बच पाए। शोएब ने हादसे के तुरंत बाद मक्का में रुके हुए अपने रिश्तेदारों को फोन कर जानकारी दी। सभी मृत यात्री हैदराबाद के ही निवासी थे और मक्का में अपनी उमरा की रस्में पूरी कर मदीना की ओर जा रहे थे।
REPORTER: CHETNA RAJA
EDITOR: SHIVAM PRAJAPATI
