जोधपुर से बालेसर के बीच रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा

    जोधपुर से बालेसर के बीच रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हुए। बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे खारी बेरी गांव के पास हुई, जब अनाज से भरा एक ट्रेलर गुजरात से जोधपुर होते हुए रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं के टेंपो से टकरा गया। टेंपो में 20 लोग सवार थे, जिनमें से तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शव बालेसर अस्पताल में रखे गए हैं।

    घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एमडीएम अस्पताल भेजा गया, जहां तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन साल की नव्या, 40 वर्षीय भूपत सिंह और 60 वर्षीय काशिया बाई शामिल हैं। वहीं, 14 घायलों को एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में प्रिया, हिम्मत सिंह, अनिल, वीरा, अरख, अनुराधा, कालू सिंह, गवरी, निकिता, उमा, आशु बहन, अर्जुन, हर्षित, आसिफ और कपिला शामिल हैं।

    जोधपुर जिले में पिछले 24 घंटों में यह चौथा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले बिलाड़ा क्षेत्र में तीन दोस्तों की मौत हुई थी, बाड़मेर हाईवे पर रोडवेज बस ने एक दंपती को टक्कर मार दी थी जिससे दोनों की मौत हो गई, और भांडू गांव में डंपर ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया था। बालेसर का यह हादसा इलाके में सनसनी फैलाने वाला रहा।

    REPORTER: DIVYA MEHTA

    EDITOR: SHIVAM PRAJAPATI

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *