महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव की तैयारी के बीच सियासी गर्माहट बढ़ गई है। सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी बीच ठाकरे बंधुओं—राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे—के साथ आने की खबरों ने चुनावी माहौल को और गरम कर दिया। माना जा रहा है कि दोनों मिलकर इस बार चुनाव लड़ सकते हैं।
हालांकि महाविकास अघाड़ी (MVA) के सहयोगी दल कांग्रेस ने इसका विरोध किया है और साफ किया है कि वह बीएमसी चुनाव अकेले लड़ेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि मुंबई महानगरपालिका देश की सबसे बड़ी निकाय है और पार्टी ने स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
वडेट्टीवार ने कहा कि अब किसी दल के लिए सीटें छोड़ने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने बताया कि यह फैसला कांग्रेस आलाकमान से चर्चा करने के बाद लिया गया है। यदि शरद पवार की ओर से कोई प्रस्ताव आता है तो पार्टी उस पर विचार कर सकती है।
उन्होंने उद्धव ठाकरे और मनसे के बीच संभावित गठबंधन पर भी कहा कि उस स्थिति में कांग्रेस स्थानीय नेताओं से चर्चा करके निर्णय लेगी। फिलहाल, पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह बीएमसी चुनाव में अकेले मैदान में उतरेगी।
इस घोषणा के बाद महाराष्ट्र की सियासत में नए समीकरण बन सकते हैं और आगामी चुनाव का माहौल और रोचक हो गया है।
REPORTER: DIVYA MEHTA
EDITOR: SHIVAM PRAJAPATI
