बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान कल यानी 11 नवंबर को होने वाला है। मतदान से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने अब तक कुल 171 रैलियां और सभाएं की हैं और राज्य के लगभग हर जिले और ब्लॉक का दौरा किया है। इस दौरान उनके साथ उनकी बड़ी बहन मीसा भारती भी मौजूद थीं।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि समस्तीपुर में पर्चियां मिलने के कारण लोग डरे और भयभीत हो गए। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री पटना में डेरा डालकर अधिकारियों को बुलाकर चुनाव में गड़बड़ी करने के निर्देश दे रहे हैं। तेजस्वी का दावा है कि उन्हें यह जानकारी उन्हीं अधिकारियों से मिली है जिन्हें ये आदेश दिए गए थे।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पहले चरण के मतदान के चार दिन बीत जाने के बावजूद चुनाव आयोग ने महिला और पुरुष मतदाताओं के आंकड़े क्यों नहीं जारी किए। तेजस्वी ने कहा कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष नहीं रहा और पूरी तरह दबाव में है। उन्होंने एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 20 साल के शासन के बावजूद बिहार पिछड़ा ही रहा।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार में दो उपमुख्यमंत्री हैं, लेकिन कोई नहीं बता पा रहा कि राज्य किस क्षेत्र में आगे है। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव के मूड में है और 14 नवंबर को उनकी सरकार बनेगी। तेजस्वी ने विश्वास जताया कि इस बार बिहार के लोग इतिहास रचेंगे और राज्य को नई दिशा देंगे।
REPORTER: DIVYA MEHTA
EDITOR: SHIVAM PRAJAPATI
