बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी। इस चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान होना है। वोटिंग से ठीक एक दिन पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुंगेर विधानसभा सीट (165) से उम्मीदवार भाई संजय सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया।
भाई संजय सिंह ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि देश और बिहार के सर्वांगीण विकास का एकमात्र विकल्प एनडीए है। पार्टी में शामिल होने के बाद बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया और कहा कि उनके आने से संगठन और मजबूत होगा।
संजय सिंह ने यह भी घोषणा की कि वह आगामी चुनाव में मुंगेर सीट से बीजेपी उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। गौरतलब है कि संजय सिंह को प्रशांत किशोर ने जनसुराज की ओर से मुंगेर से प्रत्याशी घोषित किया था और वे पिछले कुछ महीनों से लगातार प्रचार में जुटे थे। हालांकि, मतदान से ठीक पहले पार्टी बदलने के उनके फैसले को प्रशांत किशोर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
