क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है, क्योंकि आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला आज मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जिसमें दोनों टीमें अपनी अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करने के लिए मैदान में उतरेंगी। भारतीय टीम तीसरी बार फाइनल खेल रही है और ट्रॉफी जीतने के सूखे को खत्म करने की कोशिश करेगी। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची है और उसने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया है। कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट की अगुवाई में साउथ अफ्रीका ने आक्रामक क्रिकेट खेलकर इतिहास रचा। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले तीन वर्ल्ड कप फाइनल में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने ही जीत हासिल की है। ऐसे में टॉस का फैसला मैच का रुख तय कर सकता है। मुंबई की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन शाम को गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। खास बात यह है कि भारत ने इसी मैदान पर सेमीफाइनल में रिकॉर्ड रन चेज़ किया था। आज का फाइनल दोनों टीमों के लिए गौरव और इतिहास रचने का अवसर लेकर आया है
आज होगा महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का महा मुकाबला, भारत-साउथ अफ्रीका आमने-सामने
