आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को एकादशी के पावन अवसर पर वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। पूजा-अर्चना के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हो गए। मंदिर परिसर में अफरातफरी का आलम रहा, लोग इधर-उधर भागते नजर आए। कई श्रद्धालु बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े, जिन्हें अन्य लोग सीपीआर देकर बचाने की कोशिश करते रहे। घटनास्थल के वीडियो बेहद हृदयविदारक हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे घायल अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। भगदड़ के बाद मंदिर में पूजा सामग्री और सामान बिखरा पड़ा मिला। राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पूरे श्रीकाकुलम में शोक की लहर दौड़ गई है।
श्रीकाकुलम में एकादशी पर मचा हाहाकार, वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ से 9 की मौत
