प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2 नवंबर को पटना में प्रस्तावित रोड शो को देखते हुए शहर के प्रमुख अस्पतालों—पीएमसीएच, आइजीआईएमएस और एम्स पटना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा और संभावित स्वास्थ्य आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए विशेष मेडिकल टीम की तैनाती का आदेश जारी किया है। दिल्ली से आई एक विशेष टीम ने शुक्रवार को पटना पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और तीनों सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल प्रशासन को सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस, सभी ब्लड ग्रुप्स, ट्रामा केयर सेंटर, ओटी, लैब और जरूरी दवाओं की स्थिति जांची गई। अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन, आर्थोपेडिक, एनेस्थेटिस्ट और मेडिसिन विशेषज्ञ अपने दल सहित प्रतीक्षा में रहें। साथ ही ईसीजी मॉनिटर, कार्डियो पल्मोनरी बायपास सिस्टम और एंजियोप्लास्टी उपकरणों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी। तीनों अस्पतालों में कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में स्पेशल रेस्पांस टीम तत्काल कार्रवाई करेगी। सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था दोनों स्तरों पर समन्वय सुनिश्चित किया गया है।
पीएम मोदी के पटना दौरे को लेकर अस्पतालों में हाई अलर्ट
