आदित्य ठाकरे ने सत्ताधारी पक्ष पर लगाया  वोट चोरी का आरोप 

     महाराष्ट्र की सियासत में वोट चोरी के आरोपों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने एक बार फिर सत्ताधारी दलों पर निशाना साधते हुए कहा है कि 2024 के विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई थी। आदित्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए बताया कि कैसे फर्जी वोटिंग, मृत मतदाताओं के नाम और डुप्लिकेट एंट्रियों के ज़रिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया से खिलवाड़ किया गया। उन्होंने वर्ली विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि कई स्थानों पर एक ही नाम और पते से कई मतदाता दर्ज किए गए हैं। आदित्य ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की जांच करें और किसी भी गड़बड़ी की सूचना दें। इस आरोप पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पलटवार करते हुए आदित्य ठाकरे पर तंज कसा और कहा कि उन्हें ‘पप्पू गिरी’ करते देखना आश्चर्यजनक है। फडणवीस ने कहा कि आदित्य ने राहुल गांधी की नकल करते हुए बड़ी स्क्रीन लगाई और खोदा पहाड़ निकला चूहा भी नहीं जैसी प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि यह सब चुनाव हारने से पहले का कवर फायर है, ताकि बाद में हार का बहाना बनाया जा सके। सीएम ने आगे कहा कि आदित्य किसानों का मजाक उड़ा रहे हैं और जनता उन्हें गंभीरता से नहीं ले रही। वहीं एनसीपी पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने भी बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग की तरफ से जवाब बीजेपी दे रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। उन्होंने कहा कि आयोग अब वही कर रहा है जो बीजेपी कह रही है, जिससे जनता का भरोसा चुनाव प्रक्रिया पर डगमगा रहा है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *