बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी संग्राम जारी है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने महागठबंधन पर तंज कसते हुए बड़ा बयान दिया है। ढाका में एक चुनावी रैली के दौरान उन्होंने कहा, “जब मल्लाह का बेटा उपमुख्यमंत्री बन सकता है, तो मोहम्मद का बेटा क्यों नहीं बन सकता?” ओवैसी का निशाना सीधे महागठबंधन के उस फैसले पर था जिसमें तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया गया है। ओवैसी ने AIMIM के हिंदू प्रत्याशी राणा रणजीत के समर्थन में यह रैली की। उन्होंने कहा कि बिहार में मल्लाह समाज की आबादी 3% है जबकि मुसलमान 17% हैं, फिर भी हमें नजरअंदाज किया जाता है। तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यादव 14% हैं लेकिन उन्हें 36% टिकट मिले। जबकि 17% मुसलमानों को सिर्फ लॉलीपॉप दिया गया। ओवैसी बोले—हम बराबरी और सम्मान चाहते हैं, किसी के गुलाम नहीं हैं। उन्होंने 15 साल के लालू शासन और 20 साल के नीतीश शासन पर भी हमला बोला। ओवैसी ने कहा कि बिहार सरकार का डेटा बताता है कि 28% लोग पलायन कर रहे हैं। यह कैसी डबल इंजन सरकार है जो रोजगार तक नहीं दे पा रही? उन्होंने जनता से अपील की कि अब इस “दोनों जंगलराज” से बिहार को मुक्त कराना होगा।
उपमुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी संग्राम जारी
