रामपुर रोड स्थित होटल क्लार्क इन के सामने रविवार रात हुए भीषण अग्निकांड में झुलसे दस लोगों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल से सोमवार सुबह डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना में रेस्टोरेंट मालिक प्रदीप श्रीवास्तव की मां मायादेवी की मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, प्रदीप श्रीवास्तव अपनी बेटी परी के नाम से तीन मंजिला रेस्टोरेंट चलाते हैं और परिवार उसी इमारत में रहता है। रविवार रात नौ बजे रेस्टोरेंट बंद होने के बाद परिवार ऊपर की मंजिल पर था। इसी दौरान पास के बैंक्वेट हाल में चल रही बारात की आतिशबाजी की चिंगारी रसोई तक पहुंच गई। चिंगारी गैस सिलिंडर से टकराने के बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में पूरा मकान लपटों में घिर गया। आग से दस लोग झुलस गए थे, जिनका रातभर जिला अस्पताल में इलाज चला। डॉक्टरों ने सोमवार को सभी को खतरे से बाहर बताया है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है, जांच जारी है और शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
आतिशबाजी से लगी आग, माया देवी की मौत, परिवार बाल-बाल बचा
