चर्चित आईआरसीटीसी घोटाला मामले में आज यानी सोमवार से राउज़ एवेन्यू कोर्ट में ट्रायल शुरू हो गया है। इस मामले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव मुख्य आरोपी हैं। कोर्ट ने फैसला किया है कि अब इस मामले की रोज़ाना सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई में सभी आरोपियों पर भ्रष्टाचार, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप तय किए गए थे। सीबीआई के आरोपपत्र के अनुसार, लालू यादव पर रेल मंत्री रहते हुए कोचर बंधुओं से साठगांठ कर रांची और पुरी के बीएनआर होटलों के ठेके देने में पक्षपात करने का आरोप है। इस साजिश के तहत होटल संचालकों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया। बदले में पटना की एक कीमती जमीन लालू यादव के परिवार के नियंत्रण में आने वाली कंपनी को मामूली कीमत पर बेची गई। अदालत में आरोप पढ़े जाने के बाद लालू, राबड़ी और तेजस्वी ने खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि वे मुकदमे का सामना करेंगे। इस केस की जांच सीबीआई और ईडी दोनों एजेंसियां कर रही हैं। अब अदालत ने नियमित ट्रायल की तारीख तय कर दी है।
लालू-राबड़ी-तेजस्वी पर ट्रायल शुरू, रोजाना होगी सुनवाई
