प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सीतामढ़ी में आयोजित चुनावी रैली में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा। उन्होंने हाल ही में बेगूसराय में मछुआरा समुदाय से मुलाकात के दौरान राहुल गांधी के तालाब में कूदने वाले वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ बड़े लोग बिहार में पानी में डुबकी लगाकर ‘चुनाव में डूबने की प्रैक्टिस’ कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि अब बड़े लोग भी बिहार की मछली देखने और पानी में डुबकी लगाने आ रहे हैं।
मोदी ने रैली में बताया कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी बेगूसराय में मछुआरा समुदाय से मिलने पहुंचे और तालाब में जाकर नाव से बीच में पहुंचकर कूद पड़े। उनके साथ पूर्व मंत्री मुकेश सहनी और कई मछुआरे भी पानी में उतरे, जिससे राहुल गांधी काफी प्रभावित दिखे। पीएम मोदी ने इस दौरान हंसी-मजाक में विपक्ष पर कटाक्ष किया।
प्रधानमंत्री ने बिहार में आरजेडी-नेतृत्व वाले विपक्ष पर भी हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर लोग ‘कट्टा’ दिखाकर डराए जाएंगे और हाथ ऊपर करवाए जाएंगे। मोदी ने कहा कि बिहार को ऐसी सरकार नहीं चाहिए जिसमें कुशासन, भ्रष्टाचार और क्रूरता हो। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसी व्यवस्था के बजाय विकास और सुशासन वाली सरकार चुनें।
पीएम मोदी ने कहा कि जनता अब ‘कट्टा सरकार’ नहीं चाहती बल्कि ‘राजग सरकार’ चाहती है। उन्होंने कहा कि उनकी रैलियों में स्पष्ट संदेश मिल रहा है कि लोगों को स्टार्ट-अप, शिक्षा और खेल के विकास पर जोर देने वाली सरकार चाहिए, न कि डर और हिंसा वाली। मोदी ने दावा किया कि उनकी चुनावी रैलियों में जनता ने एनडीए के समर्थन का स्पष्ट संकेत दिया है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। पहले चरण में 6 नवंबर को 64.69% मतदान दर्ज किया गया था। विपक्ष ने इस बढ़ी हुई वोटिंग को एनडीए के खिलाफ जनसमर्थन के रूप में देखा, जबकि कुछ विशेषज्ञ इसे बदलाव की चाहत के संकेत के तौर पर मान रहे हैं।
REPORTER: DIVYA MEHTA
EDITOR: SHIVAM PRAJAPATI
