मिर्जापुर में कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ा रेल हादसा, कालका-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में 7 श्रद्धालुओं की मौत

    उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। चुनार रेलवे स्टेशन पर यह हादसा उस समय हुआ जब चोपन-प्रयागराज पैसेंजर ट्रेन से उतरने के बाद श्रद्धालु ट्रैक पार करने लगे। इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही कालका-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छह महिलाएं बताई जा रही हैं, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

    जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे थे। सुबह करीब सवा नौ बजे यह हादसा तब हुआ जब श्रद्धालु प्लेटफॉर्म नंबर चार से एक की ओर जा रहे थे। जल्दबाजी में उन्होंने फुट ओवर ब्रिज का इस्तेमाल नहीं किया और सीधे ट्रैक पार करने लगे।

    उसी समय तेज रफ्तार कालका-हावड़ा एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी और श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी को बचने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मृतकों के परिजनों को सूचना दी जा चुकी है।

    रेल प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही, अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि हादसे के कारणों का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *