बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए ने अपना घोषणा पत्र ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है, जिसमें रोजगार, महिला सशक्तिकरण और कृषि विकास को प्रमुखता दी गई है। गठबंधन ने एक करोड़ से अधिक रोजगार देने, हर जिले में मेगा स्किल सेंटर खोलने और किसानों को सालाना 9,000 रुपये की सहायता देने का वादा किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पटना में इस संकल्प पत्र को जारी किया। इसमें अतिपिछड़ा वर्ग के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर में 1 लाख करोड़ रुपये निवेश की घोषणा की गई है। धान, गेहूं, दलहन और मक्का की एमएसपी पर खरीद पंचायत स्तर पर होगी। महिलाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 2 लाख तक सहायता दी जाएगी। 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 7 एक्सप्रेसवे, 4 मेट्रो शहर और ‘न्यू पटना’ जैसे ग्रीनफील्ड सिटी की योजना भी शामिल है। औद्योगिक मिशन के तहत बिहार को ग्लोबल स्किलिंग और टेक हब बनाया जाएगा। 125 यूनिट मुफ्त बिजली, 5 लाख तक मुफ्त इलाज और 50 लाख पक्के मकान का वादा किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, खेल और संस्कृति में व्यापक बदलाव की रूपरेखा के साथ एनडीए ने बिहार के विकास का रोडमैप पेश किया है।
बिहार एनडीए संकल्प पत्र जारी
