महाराष्ट्र के नंदुरबार ज़िले के शहादा तालुका में एक सनसनीखेज डकैती और अपहरण की वारदात सामने आई है। बुडीगव्हाण–म्हसावद रोड पर पांच अज्ञात बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी की कार रोककर 60 लाख रुपये का माल लूट लिया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी ऋतेश जयप्रकाश पारेख मंगलवार सुबह अपनी कार से म्हसावद स्थित दुकान जा रहे थे जब सफेद स्विफ्ट डिजायर में सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी और हथियारों की नोक पर उन्हें अगवा कर लिया। आरोपियों ने व्यापारी से 30 किलो चांदी, 200 ग्राम सोना और 6 लाख नकद लूट लिए। वारदात के दौरान व्यापारी को सिर पर चोटें आईं और बाद में उन्हें धुले जिले के नवलनगर इलाके में छोड़ दिया गया। पांचों आरोपी वहां से बिना नंबर की मोटरसाइकिलों पर फरार हो गए। घायल व्यापारी ने इलाज के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शहादा पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस ने पड़ोसी जिलों की पुलिस को सतर्क कर दिया है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में यह वारदात सुनियोजित लग रही है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसमें किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।
सर्राफा व्यापारी की कार रोककर 60 लाख रुपये का माल की हुई लूट
