उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के गन्ना किसानों को बड़ा तोहफा

    उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के गन्ना किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने गन्ने के मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। अब अगेती प्रजाति का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल और सामान्य गन्ने का मूल्य 390 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। यह निर्णय मंगलवार को हुई योगी कैबिनेट की बैठक में लिया गया। चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि यह दरें पेराई सत्र 2025-26 से प्रभावी होंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस फैसले से राज्य के गन्ना किसानों को लगभग 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। लंबे समय से किसान गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इससे पहले पेराई सत्र 2023-24 में 20 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई थी। जबकि 2021-22 में विधानसभा चुनाव से पहले 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई थी। अब योगी सरकार ने किसानों की एक और पुरानी मांग पूरी कर दी है। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने इस निर्णय के लिए सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला किसानों के जीवन में आर्थिक स्थिरता लाएगा। वहीं, हरियाणा सरकार ने भी दीपावली से पहले गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी की थी। वहां अगेती गन्ने का भाव 415 रुपये और पिछेती किस्म का 408 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इस तरह हरियाणा देश का सबसे अधिक गन्ना मूल्य देने वाला राज्य बन गया है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *