इम्तियाज जलील ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला  

    महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव प्रचार में इस बार बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों की गूंज भी सुनाई दे रही है, क्योंकि AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद इम्तियाज जलील ने नंदुरबार की सभा में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। जलील ने कहा कि बिहार चुनाव में उन्होंने तेजस्वी यादव और कांग्रेस से सिर्फ 6 सीटें मांगी थीं, लेकिन दोनों ने AIMIM को बहाना बनाकर चुनाव में जगह देने से इनकार कर दिया।

    कांग्रेस ने उन्हें ‘हैदराबाद की पार्टी’ कहकर खारिज कर दिया, जिस पर जलील ने जवाब दिया कि राहुल गांधी की मां भी इटली से आई हैं, फिर भी AIMIM ने कभी इस तरह की टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस “लातों के भूत हैं, प्यार की भाषा नहीं समझते और जबान से ही उन्हें जवाब मिलेगा।” जलील के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है, क्योंकि बिहार में AIMIM ने 5 सीटें जीतकर अपना प्रभाव बरकरार रखा था, जबकि कांग्रेस वहां सिर्फ 6 सीटों पर सिमट गई।

    महाराष्ट्र में अब 2 दिसंबर को 246 नगर परिषद और 42 नगर पंचायतों के चुनाव होने वाले हैं, और जलील का यह बयान चुनावी माहौल को और तेज कर रहा है। AIMIM इन चुनावों को अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका मान रही है, जबकि कांग्रेस इस हमले से बचाव की कोशिश कर रही है।

    REPORTER : SANA SHAIKH

    EDITOR : SANA SHAIKH

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *