गुरुग्राम की सड़कों पर शराबियों का स्टंट: चलती बाइक पर बोतलें लहराते युवकों का वीडियो वायरल

    गुरुग्राम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो युवक बीच सड़क पर चलती बाइक पर शराब पीते और खतरनाक स्टंट करते नजर आए। यह घटना गुरुग्राम-सोहना रोड की बताई जा रही है। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था और ट्रैफिक नियमों की पूरी तरह अनदेखी करते हुए खुलेआम शराब पीते दिखे।

    वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक पर सवार युवक तेज रफ्तार में गाड़ियों के बीच स्टंट कर रहे हैं। पीछे बैठा युवक दोनों हाथों में बियर की बोतलें पकड़े हुए सड़क पर चलते-चलते शराब पी रहा है। बाइक चला रहा युवक लापरवाही से इधर-उधर बाइक मोड़ते हुए निकल रहा है।

    इस घटना का वीडियो पीछे चल रही एक महिला ने अपनी कार से रिकॉर्ड किया। बताया जा रहा है कि जब महिला युवकों के करीब पहुंची और वीडियो बनाने लगी, तो दोनों ने और भी खतरनाक स्टंट करना शुरू कर दिया। पीछे बैठा युवक बोतलें लहराने लगा और कैमरे की ओर देखकर शराब पीने लगा।

    वीडियो में दिख रहा है कि बाइक पर RJ (राजस्थान) नंबर की प्लेट लगी हुई है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर बाइक और स्टंट करने वाले दोनों युवकों की पहचान शुरू कर दी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *