प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया दौरे के दूसरे और अंतिम दिन राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे। यहां पेरदाना पुत्रा भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वागत समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा कीं।
इसके बाद पीएम मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर चर्चा हुई। इस दौरान भारत-मलेशिया के बीच कई अहम समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी हुआ। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी विश्वास और साझा आकांक्षाओं पर आधारित है।
यह दौरा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
