बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने शुक्रवार से 10 दिन की लंबी पदयात्रा शुरू कर दी है। यह यात्रा 7 नवंबर से 16 नवंबर तक चलेगी और दिल्ली, हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरेगी। आचार्य शास्त्री ने बताया कि कुल 145 किलोमीटर की यह पदयात्रा हिंदुओं में एकता बढ़ाने, जातिवाद को खत्म करने और देशभक्ति का संदेश फैलाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
पद यात्रा के दौरान आचार्य शास्त्री ने कहा कि यह उनकी जिंदगी की दूसरी पदयात्रा है और इसका मुख्य उद्देश्य हिंदुओं में जागृति लाना है। उनका कहना है कि देश में राष्ट्रवाद होना चाहिए, लेकिन जातिवाद नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी विशेष समुदाय या धर्म के खिलाफ नहीं है, बल्कि हिंदुओं के समर्थन में की जा रही है।
आचार्य शास्त्री ने बताया कि पदयात्रा की शुरुआत हर दिन राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा से होगी और इसमें शामिल लोग रोज सात शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग 40 हजार लोग रजिस्टर हो चुके हैं और देश के हर कोने, हर गली से लोग इस पदयात्रा में शामिल हो रहे हैं। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य हिंदू और सनातन एकता को बढ़ावा देना है।
बाबा बागेश्वर ने कहा कि जो लोग हिंदुत्व, सनातन धर्म और तिरंगे से प्यार करते हैं, वे इस पदयात्रा में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को न्योता भेजा है और कहा कि जिनके दिल में हिंदुत्व का जज्बा है, वे इस यात्रा में शामिल होकर समर्थन दे सकते हैं।
REPORTER: DIVYA MEHTA
EDITOR: SHIVAM PRAJAPATI
