बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार कई प्रसिद्ध भोजपुरी गायक और अभिनेता भी मतदाताओं का ध्यान खींचने के लिए राजनीति में सक्रिय हैं। इसी कड़ी में खेसारीलाल यादव भी शामिल हैं, जो छपरा विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार हैं। चुनाव प्रचार में वे लगातार सक्रिय हैं और उनकी सभाओं में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।हालांकि, चुनाव प्रचार में व्यस्त होने के बावजूद खेसारीलाल यादव को मुंबई में अपने घर को लेकर नई चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। मीरा रोड-भयंदर महानगरपालिका ने उनके घर को अवैध निर्माण के आरोप में नोटिस भेजा है। इस नोटिस में उनके घर पर लगाए गए लोहे के एंगल और पत्राशेड को अवैध बताते हुए उन्हें इसे हटाने का निर्देश दिया गया है।महानगरपालिका ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि खेसारीलाल यादव द्वारा यह अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, तो अतिक्रमण विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में उनके घर पर ताला लगा हुआ है और पूरा परिवार चुनाव प्रचार में बिहार में मौजूद है। इसके चलते मीरा रोड पर अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।छपरा विधानसभा सीट पर खेसारीलाल यादव की मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा की छोटी कुमारी हैं। यह सीट पारंपरिक रूप से भाजपा का गढ़ मानी जाती रही है, लेकिन खेसारीलाल की लोकप्रियता के कारण इस बार मुकाबला काफी रोचक हो गया है।साथ ही, इस विधानसभा क्षेत्र में चतुष्कोणीय लड़ाई देखने को मिल रही है। राजद और भाजपा के अलावा जनसुराज पार्टी से पूर्व आईपीएस जयप्रकाश सिंह और निर्दलीय उम्मीदवार पूर्व मेयर राखी गुप्ता भी चुनाव मैदान में हैं।
REPORTER: DIVYA MEHTA
EDITOR: SHIVAM PRAJAPATI
