बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। उन्होंने आज (5 नवंबर) नवादा में महागठबंधन की समर्थन रैली को संबोधित किया। रैली के दौरान अखिलेश ने कहा कि बिहार की जनता ने अपना मन बना लिया है और तेजस्वी यादव के प्रति जनता में विशेष उत्साह और लगाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार बिहार में बदलाव की हवा है और सरकार में बदलाव अवश्य होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार के नौजवान नया मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को चुनने के लिए तैयार हैं। उन्होंने एनडीए और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि नौकरियों के मामले में बीजेपी ने हमेशा उदासीनता दिखाई है। उनका कहना था कि अगर नौकरियों को बीजेपी के एजेंडे में शामिल किया गया होता, तो पिछले 20 सालों में बिहार और केंद्र में उनके शासनकाल में इस बात का हिसाब जनता को मिलना चाहिए था।
अग्निवीर योजना पर भी अखिलेश ने बीजेपी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि नौजवान सेना में भर्ती होना चाहते हैं और वर्दी पहनना चाहते हैं, लेकिन अग्निवीर योजना ने इसे भी रोक दिया। उन्होंने दावा किया कि अगर उनकी सरकार बनेगी तो वे इस व्यवस्था को समाप्त करेंगे। अखिलेश ने कहा कि बिहार की जनता हमेशा देश को संदेश देने का काम करती आई है और इस बार भी देश की नजर बिहार पर है।
महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बीजेपी की नीतियों के कारण आम जनता पर बोझ बढ़ गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पारले जी बिस्किट का पैकेट छोटा कर दिया गया है और पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में लोग बीजेपी को विश्वगुरु कहना सिर्फ दिखावा है।
बिहार में पहले चरण की वोटिंग गुरुवार (6 नवंबर) को होनी है। वहीं, दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार जारी है। सेकंड फेज के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा और 14 नवंबर को पूरे बिहार के चुनाव नतीजे सामने आएंगे।
REPORTER: DIVYA MEHTA
EDITOR: SHIVAM PRAJAPATI
